Pages

Thursday, October 4, 2018

मेरी इम्फाल यात्रा भाग 3 (अंतिम'): यहाँ इमा यानी माँ मार्केट भी है

अपनी यात्रा के अंतिम दिन हम लोग खरीदारी करने  निकले. पता चला कि यहाँ इमा मार्केट में ज़रूरत की सारी चीज़ें मिल जाएँगी. सोचा इमा कोई जगह होगी जिसके नाम पर इस बाज़ार का नाम पड़ा होगा लेकिन मैंने जब पता किया तो मालूम पड़ा कि मणिपुरी भाषा के इमा शब्द का मतलब है माँ, तो इमा मार्केट मतलब माँ मार्केट या मदर्स मार्केट. मैंने सोचा की चलो लोगों से इसका थोडा इतिहास पता किया जाए, मालूम करने पर मुझे अपने थोड़े शब्द पर हंसी आई क्योंकि यह बाज़ार तो 16 वीं सदी से अस्तित्व में है और यह विश्व का एकमात्र ऐसा बाज़ार है जिसका प्रबंधन पूरी तरह से महिलाओं के ही हाथ में है. 
इस बाज़ार का निर्माण सन 1533 में किया गया था. इसके पीछे एक बड़ी ही रोचक कहानी भी है कि आज से 500 साल पहले जब मणिपुरी पुरुष चावल के खेतों में काम करने जाते थे तो औरतें घरों में अकेले बचती थीं. उन्होंने अपने खालीपन को दूर करने के लिए महिलाओं का यह बाज़ार शुरू कर दिया. धीरे-धीरे इसका नाम ही इमा बाज़ार पड़ गया. इस समय यहाँ 3 हज़ार से ज्यादा महिलाएं बाज़ार में अपनी दुकानें चलाती हैं, जिसमे पारंपरिक मछलियों से लेकर चावल, कपड़े, खाना, पूजा का सब मिल जाता है पुराने समय में जहाँ महिलाएं लकड़ी के तखत पर सामान बेचती थीं वहीँ अब उनके लिए पक्के सीमेंटेड प्लेटफार्म बनवा दिए गए हैं. 
मैंने एक बात और नोटिस की कि जहाँ बाकी बाज़ारों में दूकानदारों में गलाकाट प्रतिस्पर्धा रहती है वहीँ यहाँ औरतें एक दुसरे की मदद कर रही थीं. वे दूसरी महिला दूकानदारों का सामान बिकवाने में भी उतनी दिलचस्पी ले रही थी जितना खुद का. वे बड़ी ही सहृदयता से आपको दूसरी दूकान पर भेज देती हैं और ज़रूरत पड़ने पर वहां से आपके लिए सामान भी ले आयेंगी जिससे ग्राहक को दिक्कत न हो. सभी महिलायें कृष्ण की ही भक्त थीं क्योंकि सबने नाक से लेकर माथे पर लम्बे-लम्बे टीके लगा रखे थे. और कुछ तो चाय पीते-पीते लूडो भी खेल रही थी. 
मैंने देखा कि थाईलैंड और बर्मा से आयातित फलों की कई वैरायटी यहाँ आपको मिल जाएगी मसलन पैशन फ्रूट, या आम. पैशन फ्रूट को बॉडी वेट कम करने के लिए भी खाया जाता है यहाँ 50 रूपए किलो था क्योकि इसे यहाँ काफी मात्रा में इसकी खेती की जाती है जबकि शेष भारत में बहुत ऊंचे दाम में मिलेगा. पैशन फ्रूट को कृष्ण फल भी कहते हैं. इसमें भरपूर मात्र में विटामिन सी होता है. मैंने खाया तो मेरे दांत खट्टे हो गए. मैं दंग रह गया महिलाओं द्वारा चलाये जा रहे इस मार्केट को देखकर. पहाड़ी अदरख, हल्दी जैसी बहुत सी चीजें देखने को मिली. एक अनोखी चीज़ कि कुछ महिलाओं ने न्यू करेंसी की दूकान भी लगा रखी थी और वे इस बात से निश्चिन्त थी कि कोई चोरी नहीं करेगा. क्योंकि एक और करेंसी रखी थी और दूसरी ओर मूंह घुमाकर वे खाना खा रही थी. नए-नए नोट वे भी खुलेआम. वाह भाई यही तो है मणिपुर.
अपने होटल में काले चावल की खीर खाकर मेरा मन प्रसन्न हो गया और मैं खोज में लग गया कि क्या यह चावल अलग से मिलेगा. यहीं इमा मार्केट में मेरी यह जिज्ञासा भी समाप्त हो गयी यहाँ मिला मुझे "चाक हाओ (सेंटेड काला चावल)". जो सिर्फ 100 रूपए प्रतिकिलो के हिसाब से उपलब्ध था. जबकि शेष भारत में आपको यह 1800 रूपए प्रतिकिलो या इससे ज्यादा के भाव में मिलेगा. इस चावल में पोषक तत्वों की मात्रा अन्य चावलों की अपेक्षा बहुत ज्यादा है इसमें एंटीओक्सिडेंट भरपूर हैं. फ़िलहाल  मणिपुर सरकार का कृषि विभाग इस चावल की ब्रांडिंग में जुटा हुआ है. एक वृद्ध महिला दूकानदार को देखकर मन हुआ की उनकी तस्वीर ली जाए. वे थोड़े से फल और कुछ पूजा का सामान बेच रही थीं. जैसे ही मैंने अपना कैमरा उनकी ओर घुमाया वे अलर्ट होकर पोज़ देने लगीं और दो तीन तस्वीरें बिना किसी ना नुकुर के खिंचवा ली जैसे ही मैं आगे बढ़ा उन्होंने आवाज़ देकर बुलाया और अपनी भाषा में मुझसे कहा कि मेरी तस्वीर दिखाओ. मैं आश्चर्यचकित रह गया.
मैने उन्हें उनकी सारी तस्वीरें दिखाई तो वे अपनी खूबसूरत तस्वीरें देखकर शर्म से मुस्कुरायीं और उन्हें देखकर हम सब भी मुस्कुराने लगे और फिर हाथ हिलाते हुए आगे बढ़ गए. यहाँ से पैशन फ्रूट, अदरख वगैरह लेकर हम सब वापस लौटने लगे तो मेरे झोले में मेरे साथ थीं मणिपुर की मुट्ठी भर यादें जिन्हें मैं बिना खरीदे ले जा रहा था. ये सोचकर कि अगली बार कभी आने पर खर्च करूँगा. सन्डे की वजह से ट्राफिक कम था लेकिन मेहनतकश मंगोल काम में फिर भी व्यस्त थे. मेरे हवाई जहाज का टाइम हो रहा था. छोटा सा एअरपोर्ट आज काफी बिजी था भीड़ बहुत थी मैं वापस लौटने के लिए उत्सुक था. मणिपुर जाने के लिए दिल्ली कोलकाता से सीधी हवाई सेवा है. वहां सस्ते और मंहगे दोनों प्रकार के होटल्स भी हैं. मुनासिब होगा कि आप टूर पैकेज लेकर जाएँ.

बदल रहा है कोलकाता (बोल दुग्गा माँ की जय अंतिम भाग)


कुछ साल पहले साम्यवादी सरकार में जीदबाद जीदबाद के नारों और मजदूर संघों से पहचाना जाने वाला कोलकाता अब धीरे धीरे बदल रहा है. पुरानी इमारतों की जगह नयी बिल्डिंग्स ले रही हैं. लम्बे और ऊंचे फ्लाईओवर्स हैं, चमचमाती सड़कें तो क्रम से खड़े लोग. मुझे लगा ही नहीं कि ये 5 साल पहले वाला कोलकाता है. ममता सरकार ने सड़क किनारे बेकार पड़ी ज़मीन पर सुन्दर सुन्दर क्यारियां बनवा दी हैं जिनमे हजारों की संख्या में फूल के पेड़ लगे हैं. बांस से बने उनके बैरिकेट्स उन क्यारियों की खूबसूरती को बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. लेकिन नहीं बदली है तो काली मंदिरों के बाहर रंगीन और ताज़े फूलों की मालाएं, भक्तों की कतारें और माथा टेकते लोग. जब सड़कें चौड़ी न हो सके तो वहां फ्लाईओवर बनवा दो, इसी फलसफे पर सरकार ने पूरे शहर में कई नए बड़े और लम्बे फ्लाईओवर्स बनवाएं हैं जिनसे जाम की समस्या से निपटने काफी मदद मिली है. सर्जेंट्स मुस्दैती से ट्रैफिक के नियमों का पालन करवाने में लगे तो रहेते हैं लेकिन उसी में थोडा अपना भला भी कर ही लेते हैं. पूरे कोल्कता में इस समय नए होटल्स की बहार है और जो पुराने हैं उनका भी रेनोवेशन बड़ी तेज़ी से हो रहा है. लन्दन की बिग बेन का एक मॉडल भी बीचोबीच बनवाया गया है क्योंकि कोल्कता दो संस्कृतियों से बहुत ज्यादा प्रभावित है पहली तो चाईनीज़ और दूसरी ब्रिटिश. आर्किटेक्चर और रहन सहन भी इन्ही दोनों के बीच का देखने को आपको मेल जायेगा. चूँकि दुर्गा पूजा ख़त्म हो चुकी थी तो हमें देखने को उखड़ते पंडाल और विसर्जित होती मूर्तियाँ ही मिलीं. इसीलिए मैंने सोचा कि अगली बार पूजा के समय अही आऊंगा और कोशिश करके आपको लाइव कोलकाता दिखाने की कोशिश करूँगा.
तब बोल दुग्गा माँ की जय

Saturday, September 29, 2018

मेरी इम्फाल यात्रा भाग 2: सुभाष चन्द्र बसु की यादें और तैरते टापुओं की झील


अगले दिन हम लोग टैक्सी से लोकटाक लेक के लिए निकल गए. ड्राईवर साहब हिंदी बोल और समझ रहे थे हमें कोई दिक्कत नहीं हुई. रास्ते में ड्राइवर साहब से पूछ ही लिया कि मणिपुर का यह नाम क्यों पड़ा. साहब इंटेलिजेंट थे बोले कि सर जैसा हमने पढ़ा है कि यहाँ के एक राजा भाग्यचन्द्र और उनके लोगों ने जो सिक्के चलाये उनपर मणिपुरेश्वर नाम लिखा था उसी के आधार पर यह नाम रख दिया गया. मैं उसके ज्ञान पर हैरान रह गया. बैगपैक से पानी की बोतल निकाली थोडा पानी पिया और हसीं नज़ारों को कैमरे में कैद करते हिचकोले खाती सड़क पर चलते रहे. करीब 1 घंटे की राइड के बाद हम लोग मोरंग पहुंचे. यही वह जगह थी जहाँ से नेता जी विश्व भ्रमण को निकले. नेता जी ने यहाँ से लम्बा सफ़र तय किया. उसी जगह पर एक म्यूजियम भी बनाया गया है. मैं थोड़ा भावुक हो गया. सरकार ने उनकी यादों को काफी सहेज कर रखा है लेकिन अजायबघर के ठीक सामने तमाम सारा गोबर भी था. आज़ाद हिन्द फ़ौज से जुडी उनकी तमाम चीज़ें यहाँ हिफाज़त से रखी हुई हैं जिन्हें देखकर दुःख और सम्मान दोनों का समेकित भाव आता है. मैंने नेता जी की मूर्ति को ज़ोरदार सैल्यूट किया और इत्मिनान से उस छोटे से म्यूजियम का भ्रमण किया. एक अलग वीथिका में मणिपुर के राजवंशों के राजाओं के फोटोज के साथ मुख्यमंत्री और राज्यपालों की भी तस्वीरें लगी हुई हैं.
ये चिट्ठी नेता जी ने बतौर आजाद हिन्द के सुप्रीम कमांडर होने के नाते लिखी थी. मैंने चुपके से फोटो खींची कि आप लोगों को दिखाऊंगा. राइटिंग तो बहुत समझ नहीं आ रही लेकिन उनकी है तो आत्मा श्रद्धा से भर उठती है. चिट्ठी को देखकर मुझे फैजाबाद के गुमनामी बाबा याद आ गये. मन कचोटता है कि आज़ादी का महानायक गुमनामी की मौत क्यों मरा. 
यहाँ से निकल कर हम लोग लोकटाक लेक के लिए निकल लिए. रास्ते के दृश्य DDLJ जैसे स्विट्ज़रलैंड की याद दिला रहे थे. थोड़ी ही देर में लोकटाक लेक दिखने लगी. झील से सटी हुई पहाड़ियां, उनकी घाटियों में मीलों फैली लम्बी हरी घास और धान के खेत, घास के मैदान के बीच में चरती हुई गायें. तीनों मिलकर एक कभी न भूलने वाला दृश्य खींच रहे थे. एक बात नोट करने योग्य कि कृष्ण भक्त होने की वजह से यहाँ मांसाहारियों को बीफ मुश्किल से मिलेगा, मीठे पानी की मछली बहुतायत में है.  लोकटाक लेक एक अद्भुत झील है यह दुनिया की एकमात्र फ्लोटिंग आइलैंड्स की झील है. दरअसल इसमें मोटे-मोटे नरकुल होते हैं जिन्हें स्थानीय भाषा में फुम्दी कहते हैं. यही नरकुल गोल घेरे में उगते हैं और तैरा करते हैं. 
इसका सबसे बड़ा आश्चर्य भी यही है. यह फुम्दी दो किस्म की है एक डूबी हुई यानी फुम्दी अरुप्पा और एक तैरती हुई मतलब फुम्दी एताबोया. इन्ही फुम्दियों के कारण इसे तैरती हुई झील का वैश्विक दर्ज़ा मिला हुआ है. यहाँ एक होटल भी है जिसमे कॉटेजेस हैं लोग आते हैं रात भर यहाँ रुकते हैं और सुबह सूर्योदय देखकर उसे अपनी आँखों में हमेशा के लिए बसाकर चले जाते हैं. हमने भी यही किया लेकिन रात में रुके नहीं लेकिन हमने सनसेट देखा. ज़बरदस्त था, जिसे कभी नहीं भूला जा सकता. लौटते समय हम डांसिंग डियर यानी शंघाई हिरन देखने के लिए पास ही स्थित कैबुल लामज़ो नेशल पार्क भी गए. कहते हैं कि सिर्फ भाग्यशालियों को ही हिरन दीखता है हम लोगों को उस दिन 5 डांसिंग डियर दिखे. लौटते समय रात हो रही थी क्योकि 4-5 बजे तक गोधूली होने लगती है. डूबते सूरज के साथ बादल रंग बदल रहे थे कभी काले कभी लाल तो कभी नारंगी. इन रंगों को देखकर लगा कि हम इंसानों में तो रंगों को लेकर भी लड़ाई होती है नारंगी मेरा हरा तेरा लेकिन यहाँ तो सभी सूरज के साथ एकसाथ डूब रहे हैं.
शेष अंतिम क़िस्त में जारी.....
अपनी रिवियुज़ मुझे ज़रूर लिखें.

Friday, September 28, 2018

मेरी इम्फाल यात्रा भाग 1: भारत का स्विट्ज़रलैंड मणिपुर


होटल के कमरे से सूर्योदय का खूबसूरत दृश्य
सितम्बर के महीने में इस बार कुछ दिनों के लिए मणिपुर जाना हुआ. मणिपुर मतलब आभूषणों की भूमि. जो देखने से लगता है. मणिपुर भगवान कृष्ण को मानने वालों की धरती है. अर्जुन ने यहाँ की राजकुमारी चित्रांगदा से विवाह कर इसे कृष्णमय कर दिया. हम मैदानी लोगों के लिए यहाँ सुबह उठना मुश्किल है क्योंकि सूरज जल्दी निकलता है और अस्त भी. लोगबाग सुबह 4 बजे ही उठकर नित्य कामों में लग जाते हैं. 8 बजे दुकाने खुल जाती हैं और शाम 6 बजे तक बंद. शाम के समय यहाँ भी भुरभुरी ठण्ड शुरू हो चुकी थी. चट्ट गोरे लोग, खूबसूरत लड़कियां और सुन्दर नज़ारे आपका मन मोहने के लिए काफी हैं. 
मैं कोलकाता से सीधी फ्लाईट के ज़रिये यहाँ पहुंचा. खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसा पर्वतीय शहर इम्फाल बहुत सुन्दर और साफ़ है.  इम्फाल नाम यम्फाल से लिया गया है, जिसका अर्थ है 'कई गांवों की भूमि'पर यहाँ भी धीरे-धीरे कंक्रीट घुसपैठ कर चुकी है जो कि पर्वतीय पर्यावरण के लिए खतरा भी है. आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इस राज्य में पोलो ईसा पूर्व 3000 सालों से खेला जा रहा है. देश-विदेश से पोलो के शौक़ीन यहाँ खींचे चले आते हैं.
इम्फाल का एअरपोर्ट 
 कई प्रजातियाँ और आदिवासी यहाँ सदियों से रह रहे हैं.  इनमे मणिपुरी ब्राहमण या वामन, पंगन, मुस्लिम, आदि भी यहाँ बहुतायत में मिलते हैं. इसके अलावा काबुईस, टांगखुल्स, और पाइते जनजातियां भी यहां पाई जाती हैं. शेष भारत की तरह यहाँ भी मुझे मारवाड़ी, पंजाबी, बिहारी और बंगाली लोगों को ढूँढने में कोई दिक्कत नहीं हुई. हिंदी भाषी हैं तो दिक्कत नहीं होगी लोग ठीकठाक हिंदी जानते हैं. आपका काम नहीं रुकेगा. आसपास की बाज़ार में आपको थाईलैंड, बर्मा से आयातित सामान मिल जायेगा. इम्फाल का एअरपोर्ट आम यात्री विमानों के लिए 3-30 pm बजे तक खुला रहता है और इसके बाद इसे सेना ओवरटेक कर लेती है. सभी विमानन कंपनियों के लिए यह ज़रूरी है कि वे अपनी कम से कम 5 उड़ाने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए देंगी क्योंकि यहाँ ट्रेन की कनेक्टविटी नहीं है. खांटी पूर्वोत्तर शैली का बना  इम्फाल हवाई अड्डा बहुत खूबसूरत दीख पड़ता है.

लोकटक लेक
हमारा जहाज जैसे-जैसे इम्फाल पहुँच रहा था वैसे-वैसे मेरी दिल की धड़कने तेज़ हो रही थीं. खिड़की से नीचे झाँकने पर दुनिया के आश्चर्यों में शुमार ‘लोकटक झील’ दिखाई दी. इसमें हरी घास के moving islands बने हुए हैं जो शाम होते होते लाल हो जाते हैं. इम्फाल का राजमहल 2004 तक असम राइफल्स के नियंत्रण में था और फिर यह राज्य सरकार के सिपुर्द कर दिया गया. मैं यहाँ ख्वैरामबंद बाजार, 'इमा मार्किट’ भी गया जिसका नियंत्रण पूरी तरह महिलाओं के ही हाथों हैं. इमा का शाब्दिक अर्थ माँ होता है. अगर आप भाग्यशाली हैं तो आपको कैबुल लामजो राष्ट्रीय उद्यान में शंघाई डियर (नाचने वाला हिरन) देखने को मिल जायेगा. मोइरांग, एंड्रो, सेकता आदि घूमने के लिए कई स्थान हैं. अन्य मंगोल लोगों की तरह यहाँ भी मार्केट और घर चलाने में सबसे बड़ा योगदान महिलाओं का ही है. वे अपना 100% देती है. 
इम्फाल पूर्वोत्तर भारत का एक महत्वपूर्ण शहर है. यहाँ से बर्मा बॉर्डर लगभग 3.30 घंटे की दूरी पर स्थित है अगर सड़क सही हो तो महज़ दो घंटे. हम तो नहीं जा सके लेकिन लोगबाग बर्मा के अन्दर तक जाकर खरीदारी वगैरह करते हैं. इम्फाल के होटल क्लासिक ग्रांडे में हम लोग ठहरे थे वह यहाँ का एक महत्वपूर्ण होटल है. अगले दिन इसी होटल में आयुष्मान भारत योजना की लौन्चिंग भी वहीँ थी जिसकी वजह से सिक्यूरिटी बहुत टाइट थी. मणिपुर में होटल की खिड़की से बाहर पहाड़ियों का नज़ारा बहुत ही भव्य था जैसे ईश्वर ने इम्फाल को किसी ख़ास मकसद के लिए बनाया है. मुख्य सड़क पर weekdays में काफी भीड़ थी लेकिन अन्दर के इलाके बेहद शांत थे. मैं मैदानी इन्सान स्थानीय लोगों के लिए अजूबा नहीं था, क्योंकि यहाँ मणिपुर के लोग शेष भारत में रोज़गार की तलाश में जाते रहते हैं. पश्चिम बंगाल में अस्पताल, होटल आदि में ये आपको बहुतयात में मिलेंगे.
शेष अगले अंकों में.......


Sunday, September 23, 2018

21वीं सदी में तेज़ी से बदल रहा है कोलकाता

कोलकाता मेरा आना कई बार हो चुका है लेकिन इस बार उद्देश्य दूसरा है। लगातार गिर रहे पुलों की वजह से सिटी ऑफ जॉय का नाम यहां के स्थानीय निवासियों ने सिटी ऑफ भोय (भय का शहर) रख दिया है और आजकल यहां सोशल मीडिया इससे भरा भी रहता है। खैर इन सबसे दूर ऐन विश्वकर्मा पूजा वाले दिन मेरा यहां पदार्पण हुआ। उद्देश्य मेडिकल टूरिज्म है लेकिन जाना यहाँ से आगे भी है। कोलकाता पहले से काफी व्यवस्थित नज़र आ रहा है. देखकर अच्चा लग रहा है. ऊंची ऊंची इमारतें, बिजली के खम्भों पर सांप की तरह लिपटी LED लाइट्स और न जाने क्या क्या. लेकिन जो कुछ भी है वो आँखों को भरमा रहा है.
दुर्गा, सरस्वती, शनि और विश्वकर्मा के भक्त बंगालियों में इनका समन्वय दिखता भी है। मेरा यहां आना भी विश्वकर्मा पूजा पर ही हुआ चारों तरफ छोटे छोटे रंग बिरंगे पंडाल सजे हुए हैं। सड़कों पर नाच गाकर लोग खुशियां मना रहे हैं। साल्ट लेक स्टेडियम में दो मशहूर क्लबों के बीच एक मैच भी था जिसे देखने को पूरा शहर जैसे गुत्थम गुत्था था। मूर्तिकार और प्रसिद्ध लेखकों से यह शहर बाहर पड़ा है। पिछले कई सालों से ममता बंदोपद्ध्यय इसका सौंदर्यीकरण करने में जुटी हैं। उन्होंने यहां फ्लोटिंग मार्किट भी बनवाया है। जो बड़ी मोहक जान पड़ती है। हालाँकि पहले लोग ऐसे ही सब्जियां वगैरह बेचते थे पर फ्लोटिंग मार्किट बनने के बाद विक्रेता अन्दर नाव में बैठकर सामान बेचते हैं. सक्सेस रेट क्या है पता नहीं लेकिन सौन्दर्यीकरण हुआ है. यह ऐन पाटुली चौराहे पर ही है जहाँ से एक रास्ता गडिया को जाता है. पंडाल बनने शुरू हो चुके हैं. सड़क के दोनों किनारों पर विज्ञापनों के लिए बांस भी बांधे जा चुके है. इंतजार है तो बीएस पूजा का.
 नार्थ कोलकाता और साउथ कोलकाता में वही अंतर है तो चांदनी चौक और वसंत बिहार में है। कोलोनियल पीरियड की यादों से यह शहर पटा हुआ है। बर्तानिया शैली के घर और दुकाने आपको पुराने लंदन की याद दिला सकती हैं। मेट्रो का जाल धीरे-धीरे पूरे शहर में फैल रहा है। जो सुदूर क्षेत्रों को आपस मे जोड़ रहा है। ट्रैफिक हद से ज़्यादा है लेकिन दिल्ली की तरह चोक नही करता। पुलों के बजाय ज़मीन के अंदर भी सड़कों की ज़रूरत महसूस होती दिखाई दे रही है। सुबह से ही वाहनों की चिल्लपों चालू हो जाती है. मजदूरों का कहा जाने वाला यह शहर लगता है अब अमीरों का हो रहा है.
गड़िया हाट घूमते हुए एक दुकान दिखाई दी जहां मंगोल देशों से आयात की हुई मोहक मूर्तियां और आर्टिफिशल फूल दिखाई दिए। भारत के बड़े शहरों में ये आमतौर पर दिख जाते हैं। भारतीय भगवान जो कि चीन या थाईलैंड के कारखानों में यहां के व्यापारियों के आर्डर पर बनते हैं। छोटे शहरों में जो डुप्लीकेट मूर्तियाँ मिलती हैं उनमें इतनी सफाई नहीँ दिखती। एक से एक खूबसूरत मूर्तियाँ, प्लास्टिक के पौधे. कम्बोडियन बुद्ध, चाइनीज़ बुद्ध, थाई बुद्धा, लाफिंग बुद्धा के तमाम प्रतीक. इन्ही में अपने गणेश लक्ष्मी और हनुमान. प्लास्टिक के इन पौधों को देखकर लगा कि क्या भविष्य इन्ही सबका है. आने वाली पीढियां असली पेड़-पौधों और जानवरों को देखने को तरस जाएँगी क्या.
हे भगवन ऐसा न हो वरना गजब हो जायेगा. खैर मैंने जोर से अपना सिर झटका और इस मायाजाल से बाहर निकला. अगल बगल दूकाने सजी हुई थी. फूटपाथ पर रोज़मर्रा के सामान से लेकर उपहार में देने लायक गिफ्ट्स मिल रहे थे. लेकिन लगेज भारी होने के डर से कोई सामान लेने की हिम्मत न हुई.
शहर का सौंदर्यीकरण अभी भी जारी है। फुटपाथों को हरा भरा बनाया जा चुका है। जगह-जगह दुर्गा पूजा पंडाल के ढांचे खड़े हो चुके हैं बाजार में पूजा सेल लग चुकी है पर अभी भीड़ उतनी नही है जल्दी ही लोगबाग पूजा की खरीददारी को निकलेंगे तब चारों तरफ सिर्फ सिर ही सिर दिखेंगे। बंगाली दुर्गा पूजा बड़े उत्साह से मनाते हैं. उनके लिए दुर्गा पूजा मतलब आनंद, उत्सव, नाचगान और खानपान. इससे कम कुछ नहीं. इसके ठीक बाद आपको पूरे भारत में बंगाली घुमते हुए नज़र आयेंगे क्योकि ब्नागल में पूजा की लम्बी छुट्टियाँ होती हैं और वे निकल लेते हैं टूर पर. दूकानों की खरीदारी धीरे-धीरे परवान चढ़ रही है. जब उत्तर भारत पित्र पक्ष में तर्पण कर रहा होता है तब बंगाल पूजा की खरीददारी में दुकानदार को दाम अर्पण कर रहा होता है। और हां भाजपा समर्थकों के लिए खुशखबरी है कि आम जन से बात करने पर पता चला कि इस बार स्थिति मजबूत है और दीदी को कठिन चुनौती मिलने वाली है। आमजन इसबार भाजपा के बारे में बात करता हुआ नज़र आ रहा है.
ये है कोलकाता की प्रसिद्द मिठाई की दूकान जिसका मुख्यालय भवानीपुर में है यह करीब 125 साल से भी ज्यादा पुराणी दुकान है. इनके यहाँ रोस्टेड दही, रोस्टेड गुलाब जामुन जामुन जैसी नायब मिठाइयाँ खाने के लिए मिलती हैं. कोलकाता में इसकी कई शाखाएं हैं. इस दूकान में नेताओं के नाम के भी सोंदेश मिलते हैं. मैंने तो रोज़ सन्देश लिए वैसे मुझे रोसोगुल्ला बहुत पसंद है. तमाम तरह की चौकलेट में लिपटी मिठाइयाँ भी हैं जो शेष भारत में आपको नहीं मिलेंगी. वैसे भी खानपान हर शहर का अलग ही है. मलिक मोशाय की दुकान का भ्रमण कीजिये और फिलहाल आनंद लीजिये, मुझे आगे जाना है।

Thursday, January 11, 2018

बोल दुग्गा माँ की जय (कोलकाता भ्रमण भाग 2)

कोलकाता से मंदार मणि बीच
अगले दिन हमें कोलकाता से मंदार मणि बीच जाना था. बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित दक्षिण बंगाल के जिला पूरबा मेदिनीपुर का एक खूबसूरत बीच है मंदारमणि. हालाँकि पहले यहाँ जंगल था लेकिन पर्यटकों की बढती आवाजाही ने इसे पर्यटक बीच में तब्दील कर दिया है. अगर आपको भी कुछ सुकून के पल बिताने हैं तो यहाँ ज़रूर आइये. कोलकाता से करीब 180 किलोमीटर दूर कोलकाता-दीघा के हरे भरे मार्ग से होते हुए हम लोग 4 घंटे का सफ़र तय करने के बाद मंदारमणि बीच रात में पहुँच गए. वैसे आप यहाँ सड़क और रेलमार्ग दोनों से पहुँच सकते हैं.
रास्ते भर बारिश हो रही बारिश ने केले, नारियल और सुपारी के पेड़ों पर से धूल को धो दिया था जिससे रास्ता और सुहावना हो गया था. रस्ते भर गपशप करते और सुन्दर नज़ारों का लुत्फ़ उठाते हुए हम लोग रात में करीब 7 बजे बीच पहुंचे. समुद्र की लहरों पर पड़ने वाली चाँद की रौशनी से समुद्री पानी में मौजूद फास्फोरस चांदी की तरह चमक रहा था, अद्भुत अकल्पनीय नज़ारा था. हमारी गाड़ी समुद्र की लहरों को छूती हुई रिसोर्ट पंहुची. हमारे ठहरने का इंतजाम सना बीच रिसोर्ट में था जो कि बहुत ही खूबसूरत था हाँ खाना बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता लेकिन बच्चों के लिए झूले, एक छोटा सा ज़ू, और स्वीमिंग पूल था जिसने खाने के अनुभव को भुला दिया था. हम लोग फारिग होकर और कुछ नाश्ता करके ठंडी लहरों और ताज़े नारियल पानी का आनंद लेने के लिए तट पर कुर्सी डाल कर बैठ गए
आप यहाँ बहुत सारी एक्टिविटीज़ जैसे सर्फिंग, जेड स्कींग, बनाना बोट राइड वगैरह भी कर सकते हैं. यह समुद्र तट भारत का सबसे लंबा ड्राइबेबल तट है जहाँ आप कार ड्राइव करते हुए तट का आनंद ले सकते हैं. समुद्र पर उड़ते पक्षी मन लुभावन दृश्य खींचते हैं ये ऐसा तट है जहाँ आप हैं शांति है और खूबसूरती है. शहर की भागमभाग से दूर आप यहाँ सुकून से हैं. समुद्र तट पर होने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त जैसे दिल के किसी कोने में बस जाता है. आप यहाँ सुबह शाम टहल सकते हैं लेकिन रात में बीच पर हजारों लाल केकड़ों का कब्ज़ा हो जाता है.

सी-फूड के शौकीनों के लिए मंदारमणि स्वर्ग है ताज़ा सी फ़ूड मिलता है. यहाँ  सीपियों से बनी जूलरी की शॉपिंग करनी है तो यहाँ यह ज्वेलरी बहुत फेमस है. हालाँकि यह लगभग सभी समुद्री तटों पर मिल जाती है. बीच पर घूमने के लिए आप बाइक या साइकिल किराए पर ले सकते हैं जून से फरवरी तक का महीना यहाँ आने के लिए सर्वोत्तम है क्योंकि मानसून के दौरान यहां की हरियाली और समुद्री लहरों का मजा लिया जा सकता है. बंगाल में ठण्ड कम ही पड़ती है तो उत्तर भारत में जब हाड़ कंपाने वाली ठण्ड हो तब आप दिसंबर-जनवरी में यहाँ आकर गर्मी व हलकी ठण्ड के मिलेजुले मौसम का मज़ा लीजिये. अक्टूबर में बंगाल की दुर्गा पूजा का मज़ा ही कुछ और है समुद्र तट दुर्गा पूजा का ब्लेंड आपको रिलीजियस भी रखेगा.
(शेष तीसरी और अंतिम क़िस्त में)